Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले में जमीन विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। बोलबा थाना क्षेत्र के पालेमुंडा गांव में खेती के लिए जमीन जोतने को लेकर हुए विवाद में भुनेश्वर महतो की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह पालेमुंडा गांव निवासी भुनेश्वर महतो की जमीन पर उनके कुछ रिश्तेदार हल चलाकर खेती कर रहे थे। जब भुनेश्वर महतो ने इसका विरोध किया और जमीन पर खेती करने से मना किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
यह भी पढ़ें : झारखंड की ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था होगी मजबूत, 720 नई एंबुलेंस खरीदेगी सरकार
घर पहुंचकर किया गया जानलेवा हमला
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद भुनेश्वर महतो अपने परिजनों को बुलाने के लिए घर लौट आए। आरोप है कि इसी दौरान उनके रिश्तेदारों के कुछ लोग उनके घर पहुंच गए और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में भुनेश्वर महतो गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

पांच लोग हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही बोलबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। प्राथमिक जांच में हत्या की वजह जमीन विवाद को माना जा रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है और इलाके में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post

