Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला : जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार टिप-टेलर ट्रक की टक्कर से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
निर्मल पथ के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित निर्मल पथ के समीप हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज गति से आ रहे टिप-टेलर ट्रक (MH-12-LT-8538) ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

चालक वाहन छोड़कर फरार
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थिति को देखते हुए ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। चिकित्सकों के अनुसार, एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी, जबकि दूसरे घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।मृतकों की पहचान कपाली निवासी मोहम्मद निसार और मोहम्मद रेहान के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में 60 वर्ष से अधिक उम्र के दंपति ने लिया तलाक, दशकों पुराना वैवाहिक रिश्ता हुआ समाप्त
परिजनों में शोक की लहर
दोनों युवकों की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। क्षेत्र में भी शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने हादसे पर दुख जताया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चालक की गिरफ्तारी और तकनीकी जांच के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

