Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजकीय श्रावणी मेला 2026 में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए झारखंड सरकार ने एक विशेष सुविधा शुरू की है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (नागर विमानन) की पहल पर 4 अगस्त से देवघर और बासुकीनाथ के लिए किफायती हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया गया है। इस सेवा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और कम समय में बाबा बैद्यनाथ धाम, बासुकीनाथ मंदिर तथा आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराना है।
झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट करेगा संचालन
उपायुक्त ने बताया कि हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट (JFI) के माध्यम से किया जा रहा है। सरकार ने आम श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न पैकेज और किफायती किराये निर्धारित किए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस हवाई दर्शन सेवा का लाभ उठा सकें।
वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
प्रशासन का मानना है कि इस सेवा से विशेष रूप से वृद्ध, दिव्यांग और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। कम समय में बाबा बैद्यनाथ, बासुकीनाथ और त्रिकुट पर्वत के दर्शन कर पाना अब पहले से अधिक आसान होगा। जिला प्रशासन ने हेलीपैड सुरक्षा, सुचारू संचालन और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए हैं।

ये हैं हेलीकॉप्टर सेवा के पैकेज और किराये
- देवघर आकाशीय परिदर्शन (7 से 10 मिनट) – ₹2,850 प्रति व्यक्ति
- बासुकीनाथ आकाशीय परिदर्शन (7 से 10 मिनट) – ₹2,850 प्रति व्यक्ति
- देवघर-त्रिकुट परिदर्शन (10 से 15 मिनट) – ₹3,750 प्रति व्यक्ति
- देवघर से बासुकीनाथ एकतरफा यात्रा (15 मिनट) – ₹4,500 प्रति व्यक्ति
यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC छात्र आंदोलन पर कल्पना सोरेन का बयान, बोलीं- सरकार छात्रों के लिए समाधान निकालने पर कर रही काम
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगी बुकिंग
हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ लेने के इच्छुक श्रद्धालु नागर विमानन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से बुकिंग और अन्य जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा देवघर के हथगढ़ मैदान स्थित टिकट काउंटर से भी टिकट बुक कराए जा सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 9122583111 भी जारी किया है। श्रावणी मेले में शुरू की गई यह नई सुविधा श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को अधिक सुविधाजनक और यादगार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

