जामताड़ा में 13.60 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, 300 रुपये की पुड़िया बनाकर बेचता था नशा

Meenu | August 4, 2026 | 05:27 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : जामताड़ा पुलिस ने जिले में अवैध ड्रग्स कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.60 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के घसकोटांड़ जोरिया के पास की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सोहेल अंसारी (41 वर्ष), पिता उस्मान मियां, निवासी गुनीडीह (पहाड़िया नया टोला), थाना कर्माटांड़, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें : स्कूल और मंदिर जाने वाले रास्ते पर गंदगी का कब्जा, बरगंडा के लोग परेशान

300 रुपये की पुड़िया बनाकर बेचने का आरोप

मामले का खुलासा करते हुए जामताड़ा के एसडीपीओ वसीम राजा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को कर्माटांड़ क्षेत्र में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले भी ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में जेल जा चुका था। जेल से रिहा होने के बाद वह फिर से कथित रूप से इस अवैध कारोबार में सक्रिय हो गया। जांच के अनुसार, वह करीब 300 रुपये की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ब्राउन शुगर बेचता था। पुलिस ने आरोपी के पास से 13.60 ग्राम ब्राउन शुगर और एक काले रंग का Jio कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया है। इस मामले में कर्माटांड़ थाना कांड संख्या 59/26 (दिनांक 4 अगस्त 2026) के तहत NDPS Act की धारा 21(b) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। छापेमारी अभियान में कर्माटांड़ थाना प्रभारी अलख नाथ चौबे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य भी शामिल थे।

दो महीनों में तीसरी बड़ी कार्रवाई

जामताड़ा पुलिस के अनुसार, पिछले दो महीनों में ड्रग्स तस्करी से जुड़े तीन प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 1 जुलाई 2026 जामताड़ा थाना क्षेत्र से ऑटो चालक चंदन मंडल को 10 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। 12 जुलाई 2026 कर्माटांड़ के काला झरिया से शराफत अंसारी को 12.7 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया। 4 अगस्त 2026 सोहेल अंसारी को 13.60 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया।

ड्रग्स नेटवर्क की जांच जारी


पुलिस का कहना है कि जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि यह नेटवर्क कथित रूप से आर्थिक रूप से संपन्न परिवारों के युवाओं और छात्रों को निशाना बनाता था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रही है। साथ ही, पुलिस सूत्रों के अनुसार एक महिला की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिसके बारे में आशंका है कि वह पर्दे के पीछे से नेटवर्क का संचालन कर रही हो। हालांकि, इस संबंध में अभी जांच जारी है और किसी की भूमिका आधिकारिक रूप से स्थापित नहीं हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें