सरायकेला में ₹15 हजार के विवाद में दोस्त पर चापड़ से हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Rupa Kumari | July 28, 2026 | 12:37 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में ₹15 हजार के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में अपने ही दोस्त पर चापड़ से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पैसे के विवाद में दोस्त पर किया हमला

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 की सुबह एनआईटी मोड़ के पास पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान आरोपी विशु महतो ने अपने मित्र रोहित हेंब्रम पर चापड़ से हमला कर दिया। हमले में रोहित के सिर पर गंभीर चोट लगी और वह बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए बाद में उसे बेहतर उपचार के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया।

पीड़ित के बयान पर दर्ज हुआ मामला

घायल रोहित हेंब्रम के बयान के आधार पर आदित्यपुर थाना में 21 जुलाई 2026 को कांड संख्या 197/26 दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू किया। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के बाद आरोपी विशु महतो चाईबासा के रास्ते चेन्नई के पैराम्बूर इलाके में फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी किसी काम से दोबारा आदित्यपुर लौटा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें : गिरिडीह में हाथियों के साथ सेल्फी लेना पड़ा भारी, झुंड के हमले में व्यक्ति की मौत

पूछताछ में कबूला जुर्म

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने हमले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें