Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : गिरिडीह पुलिस ने पचम्बा थाना क्षेत्र में मछली व्यापारी से हुई ₹2.07 लाख की लूट के मामले का एक सप्ताह के भीतर खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और लूट की रकम में से ₹10 हजार नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को पचम्बा थाना क्षेत्र के मोहनपुर स्थित फॉरेस्ट ऑफिस के सामने मछली व्यापारी मो. आफताब से ₹2.07 लाख की लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें : महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार का नया रास्ता, ड्राइविंग प्रशिक्षण को लेकर CM हेमंत सोरेन का बड़ा संदेश
SP ने बताया कैसे हुआ खुलासा
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि लूटकांड के खुलासे के लिए डीएसपी-2 रुपेंद्र कुमार राणा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर गांडेय और बेंगाबाद थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पांच आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार वर्मा, पप्पू प्रसाद वर्मा, विजय राय उर्फ बाबा (तीनों बेंगाबाद थाना क्षेत्र), अशोक दास (गांडेय थाना क्षेत्र) और शंकर दास (मुफ्फसिल थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, लूट की रकम में से ₹10 हजार नकद बरामद किए हैं।
न्यायिक हिरासत भेजने की तैयारी
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों से पूछताछ पूरी कर ली गई है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। मामले में अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच की जा रही है। इस अभियान में डीएसपी-2 रुपेंद्र कुमार राणा, पुलिस निरीक्षक ज्ञानरंजन कुमार, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सोनू वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Reporter | Samachar Post

