Samachar Post रिपोर्टर,गुमला : गुमला समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, मुआवजा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व और अन्य जनहित से जुड़े मामलों में आवेदन सौंपे। उपायुक्त ने सभी शिकायतों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें : झारखंड सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 जनसंपर्क पदाधिकारी बने उप निदेशक
भूमि विवाद और सुरक्षा की मांग पर कार्रवाई के निर्देश
विशुनपुर प्रखंड के सुरसा गांव के एक आवेदक ने भूमि विवाद को लेकर अज्ञात लोगों से जान का खतरा होने और परिवार की सुरक्षा की मांग की। आवेदक ने बताया कि विवादित जमीन को लेकर पहले भी उन पर जानलेवा हमला हो चुका है। उपायुक्त ने पुलिस विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन पर जोर
कामडारा प्रखंड के जरिया गांव निवासी अनिकांत प्यारेलाल ओहदार ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के पेट्रोल पंप से जुड़े लंबित प्रशासनिक मामले में झारखंड हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश के अनुरूप कार्रवाई की मांग की। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को न्यायालय के आदेश का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
रोजगार और मुआवजा से जुड़े मामलों की सुनवाई
घाघरा प्रखंड के बर्राग गांव निवासी निरंजन महतो ने रोजगार उपलब्ध कराने की मांग रखी। वहीं रायडीह प्रखंड के परसा गांव निवासी लोलस तिर्की ने राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजे में हिस्सेदारी नहीं मिलने और धमकी मिलने की शिकायत की। उपायुक्त ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को मामले की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
पारिवारिक और सेवा संबंधी मामलों पर भी सुनवाई
पटना निवासी नजमा खातून ने अपने सेवानिवृत्त सहायक उर्दू अनुवादक पति से अलग रहने के कारण उत्पन्न आर्थिक कठिनाइयों से जुड़ा आवेदन दिया। वहीं रायडीह प्रखंड के जनसेवक (VLW) गनु शांति एक्का के पुत्र आशित एक्का ने अपने पिता की गंभीर बीमारी के कारण लंबित वेतन और योगदान से संबंधित समस्या उपायुक्त के समक्ष रखी। DC ने संबंधित विभागों को मामले का परीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग
गुमला प्रखंड के घटगांव पंचायत अंतर्गत पहाड़ पनारी निवासी संजय नायक ने सहिया के रूप में कार्यरत अपनी दिवंगत पत्नी के निधन के बाद तीन बेटियों के पालन-पोषण, शिक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को मामले पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कई जनहित मामलों पर मिले आवेदन
जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान भूमि विवाद, राजस्व अभिलेखों में सुधार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, बिजली, सड़क निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, प्रमाण-पत्र निर्गत करने, रोजगार और मुआवजा भुगतान सहित कई अन्य मामलों से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए।
समयबद्ध समाधान पर DC का जोर
उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

Reporter | Samachar Post

