Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : जिले में कई घंटों से जारी मूसलाधार बारिश के बाद रजरप्पा धाम स्थित भैरवी और दामोदर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। दोनों नदियों में तेज बहाव के कारण संगम क्षेत्र में पानी सामान्य स्तर से ऊपर बह रहा है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। लगातार बारिश के कारण भैरवी और दामोदर नदी में पानी का बहाव काफी तेज हो गया है। रजरप्पा धाम के संगम स्थल पर जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
नदी किनारे जाने से बचने की अपील
रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और नदी तट पर आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे भैरवी और दामोदर नदी के किनारे जाने से पूरी तरह बचें, क्योंकि तेज बहाव बेहद खतरनाक हो सकता है।
प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
प्रशासन का कहना है कि मौसम और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम भी किए जाएंगे। लोगों से अपील की गई है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और बारिश के दौरान नदी तट पर अनावश्यक रूप से न जाएं।






















