Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड कैटरर्स एसोसिएशन (JCA) का 9वां कैटरर्स दिवस एवं वार्षिक समारोह 26 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को जीएसटी, फूड लाइसेंस, ट्रेड लाइसेंस और अन्य सरकारी नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यशाला भी होगी। इसे लेकर होटल ग्रीन पार्क, रांची में एसोसिएशन की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता संयोजक नवीन शर्मा ने की। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि बदलते समय के साथ कैटरिंग कारोबार में सरकारी नियमों और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन जरूरी हो गया है। इसी उद्देश्य से 26 सितंबर को दिन में 11 बजे से ग्रेविटास बैंक्वेट हॉल, पुंदाग, रांची में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ
एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल अग्रवाल ने बताया कि 9वें कैटरर्स दिवस का शुभारंभ चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल और उनकी टीम की ओर से किया जाएगा। इस दौरान तुलसी पटेल कैटरर्स को संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम में होटल रमाडा के प्रमुख शेफ सुबेंदु राय कैटरिंग व्यवसाय में कॉन्टिनेंटल, थाई और इंडियन फूड को मेनू में शामिल करने से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे। वहीं गुजरात की क्लियर वाटर संस्था की ओर से जल प्रबंधन और उत्पादन से लेकर सप्लाई तक की पूरी प्रक्रिया पर डिजिटल प्रस्तुति दी जाएगी।

GST, फूड और ट्रेड लाइसेंस पर होगी जानकारी
एसोसिएशन के सचिव अरुण सिंह ने बताया कि कार्यशाला में फूड लाइसेंस, ट्रेड लाइसेंस और जीएसटी से जुड़े अधिकारी कैटरर्स को आवश्यक नियमों और प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी देंगे। जीएसटी से जुड़े विषय पर सीए हर्ष अग्रवाल अपने विचार रखेंगे। एसोसिएशन ने कहा कि भविष्य में भी कैटरर्स को सरकारी नियमों और कारोबार से जुड़े जरूरी विषयों की जानकारी देने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
मोराबादी मैदान में पहली बार होगा Food and Catering Expo
दशवें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर झारखंड कैटरर्स एसोसिएशन की ओर से मोराबादी मैदान में Food and Catering Expo आयोजित करने की तैयारी की गई है। एसोसिएशन के अनुसार, झारखंड में इस तरह का आयोजन पहली बार किया जाएगा।इस एक्सपो के जरिए कैटरिंग और फूड कारोबार से जुड़े उत्पादों, सेवाओं और नई तकनीकों को एक मंच पर लाने की योजना है।
कैटरर्स परिवार के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह
मीडिया प्रभारी राहुल कुमार कश्यप ने बताया कि इस बार कैटरर्स दिवस पर कैटरर्स परिवार के लिए विशेष संध्या कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ प्रतिभा सम्मान समारोह होगा। कार्यक्रम में स्व. महाबीर प्रसाद शर्मा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड भी प्रदान किया जाएगा। आयोजन में झारखंड के विभिन्न जिलों से सैकड़ों कैटरर्स के शामिल होने की संभावना है। बैठक में दीपेश शर्मा, राकेश मिश्रा, रोशन सिंह, संजय नगूदर, सपन, तपन, धीरज, विकास, पंकज शर्मा, दिनकर, अजय, रणजीत और गुड्डू समेत एसोसिएशन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


















