आदित्यपुर में अपराध और ड्रग्स तस्करी के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, कई ठिकानों पर छापेमारी

Rupa Kumari | July 28, 2026 | 02:50 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराध और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने मंगलवार को विशेष सघन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत फरार आरोपियों, ड्रग्स तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।

संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सघन तलाशी

अभियान के दौरान राम मढ़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती, इमली चौक समेत कई चिन्हित क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। ड्रग्स तस्करी के मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया गया। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध और नशे के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ाई गई निगरानी

विशेष अभियान के तहत थाना क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, पार्कों तथा देसी-विदेशी शराब दुकानों के आसपास बाइक गश्ती तेज कर दी गई। सार्वजनिक स्थानों पर बिना कारण समूह बनाकर खड़े रहने वाले युवकों, हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों की जांच की गई। पुलिस ने कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़ें : पारा शिक्षक विशेष भर्ती को लेकर विवाद गहराया, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनदेखी का आरोप

अपराधियों और ड्रग्स तस्करों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि जिले में ड्रग्स तस्करी, फरार अपराधियों और सामाजिक माहौल खराब करने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर और त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। एसपी ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्ती, छापेमारी और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य जिले को अपराध और नशे के अवैध कारोबार से मुक्त करना है।

Share this news

संबंधित खबरें