मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

गिरिडीह में हाथियों के साथ सेल्फी लेना पड़ा भारी, झुंड के हमले में व्यक्ति की मौत

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड में जंगली हाथियों के साथ सेल्फी लेने की कोशिश एक व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हुई। जनता जरीडीह गांव के समीप सोमवार शाम हाथियों के झुंड ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय उपेंद्र यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब पांच बजे उपेंद्र यादव हाथियों के झुंड के काफी करीब पहुंच गए और उनके साथ सेल्फी लेने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान हाथी आक्रामक हो गए और उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथियों ने उन्हें पटक-पटक कर कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

चेतावनी के बावजूद जंगल पहुंच रहे थे लोग

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि सोमवार सुबह से ही हाथियों का झुंड जनता जरीडीह के जंगल क्षेत्र में मौजूद था। वन विभाग की ओर से लगातार लोगों को हाथियों से दूरी बनाए रखने की चेतावनी दी जा रही थी, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण हाथियों को देखने जंगल की ओर पहुंच रहे थे। बताया गया कि कई लोग हाथियों के साथ फोटो और सेल्फी लेने का भी प्रयास कर रहे थे।

शव के पास घंटों डटा रहा हाथियों का झुंड

घटना के बाद हाथियों का झुंड शव के आसपास ही मौजूद रहा। इसके कारण वन विभाग और स्थानीय लोगों को शव तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। लगभग साढ़े तीन घंटे बाद देर शाम हाथियों को सुरक्षित दूरी पर हटाया जा सका। इसके बाद वन विभाग और पुलिस की मदद से शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की गई।

बाइक घटनास्थल पर ही मिली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उपेंद्र यादव बाइक से हाथियों के काफी करीब पहुंच गए थे। घटना के बाद उनकी बाइक घटनास्थल पर ही पड़ी मिली, जबकि शव हाथियों के घेरे में था। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

वन विभाग ने की सावधानी बरतने की अपील

घटना के बाद वन विभाग ने एक बार फिर लोगों से जंगली हाथियों और अन्य वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि हाथियों के झुंड के पास जाना या उनके साथ फोटो खिंचवाने का प्रयास करना बेहद खतरनाक हो सकता है।वन विभाग ने लोगों से जंगल क्षेत्रों में अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और वन्यजीवों को उकसाने वाली गतिविधियों से बचने की सलाह दी है। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment