पहली बार रांची बनेगा मेजबान, बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले जाएंगे 16 मुकाबले

Meenu | July 2, 2026 | 11:15 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड की राजधानी रांची के लिए खेल जगत से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2026 के 135वें संस्करण की मेजबानी पहली बार रांची को मिली है। इस ऐतिहासिक आयोजन के तहत बिरसा मुंडा स्टेडियम में 26 जुलाई से 16 अगस्त के बीच कुल 16 मुकाबले, जिनमें लीग चरण के मैच और एक क्वार्टर फाइनल शामिल है, खेले जाएंगे।

यह भी पढ़ें :चांडिल रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत, रेलवे कॉलोनी में शोक

पहली बार मेजबान शहरों में शामिल हुआ रांची

डूरंड कप आयोजन समिति ने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली 24 टीमों और पांच मेजबान शहरों की घोषणा कर दी है। इस वर्ष मुकाबले कोलकाता, रांची, इंफाल, गुवाहाटी और शिलांग में आयोजित होंगे। पहली बार मेजबान शहरों की सूची में शामिल होकर रांची ने भारतीय फुटबॉल के मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है।

जमशेदपुर एफसी समेत कई बड़ी टीमें दिखेंगी एक्शन में

रांची में होने वाले मुकाबलों में इंडियन सुपर लीग (ISL) की टीम जमशेदपुर एफसी सबसे बड़ा आकर्षण होगी। इसके अलावा स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली, भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम और श्रीलंका आर्म्ड फोर्सेज की डिफेंडर्स एफसी भी बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेलती नजर आएंगी। इससे झारखंड के फुटबॉल प्रशंसकों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीमों का खेल करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

बिरसा मुंडा स्टेडियम के नाम एक और उपलब्धि

बिरसा मुंडा स्टेडियम पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी कर चुका है। अब डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक टूर्नामेंट का आयोजन रांची के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस आयोजन से झारखंड में फुटबॉल को नई पहचान मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

कब होगा डूरंड कप 2026 का फाइनल?

डूरंड कप 2026 का आगाज 25 जुलाई से होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 23 अगस्त को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा। रांची में होने वाले मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में अभी से उत्साह का माहौल है।

Share this news

संबंधित खबरें