Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : रामगढ़ शहर में मंगलवार देर रात एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोलपार बगीचा से दामोदर नदी जाने वाली सड़क के किनारे युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान झंडा चौक निवासी 35 वर्षीय सुमित अग्रवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सड़क किनारे मिला शव, शरीर पर मिले कई जख्म
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस को गोलपार बगीचा के समीप एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं। घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक का चप्पल और नीले रंग का टी-शर्ट भी बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय और एसआई राजेश मुंडा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटाए।
मंगलवार शाम से लापता था युवक
मृतक के परिजनों के अनुसार, सुमित अग्रवाल मंगलवार शाम घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिवार ने कई बार उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। बाद में मोबाइल भी बंद हो गया। बुधवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि गोलपार बगीचा के पास एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने के बाद शव की पहचान सुमित अग्रवाल के रूप में की गई। परिजनों ने बताया कि सुमित अपनी बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला था। घटना के बाद से बाइक का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस वाहन की तलाश भी कर रही है और इस पहलू को जांच में शामिल किया गया है।

आपसी रंजिश की आशंका, कई बिंदुओं पर जांच
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : चार दशक तक सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बना रहा मिसिर बेसरा, जानिए कौन है ₹1 करोड़ का इनामी माओवादी नेता
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के तरीके और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू पर नजर बनाए हुए है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

