Samachar Post डेस्क, रांची : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देशभर में अपने अधिकारों और विभिन्न मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे लोगों की आवाज को एक मंच पर लाने के लिए ‘सत्याग्रह’ डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। उन्होंने अन्याय के खिलाफ लड़ रहे लोगों से अपनी कहानी साझा करने और इस पहल से जुड़ने की अपील की है। राहुल गांधी ने 3 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि देशभर में लोग अपने हक के लिए लड़ रहे हैं और अक्सर उन्हें अकेले संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने Gen Z, छात्रों, किसानों, आदिवासियों, दलितों और महिलाओं के संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि हर संघर्ष की अपनी कहानी है।
डिजिटल मैप पर दिखाई जाएंगी संघर्ष की कहानियां
राहुल गांधी के अनुसार, ‘सत्याग्रह’ पहल का उद्देश्य अलग-अलग जगहों पर चल रहे संघर्षों और आंदोलनों को एक डिजिटल मैप पर लाना है। जो लोग किसी अन्याय या अपने अधिकारों से जुड़े मुद्दे को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, वे प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी कहानी और संघर्ष से जुड़ी जानकारी साझा कर सकते हैं। इसके बाद समान मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे लोगों और आंदोलनों को एक जगह देखा जा सकेगा। इस पहल के तहत अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों को यह जानकारी भी मिल सकेगी कि देश के दूसरे हिस्सों में उनके जैसे मुद्दों को लेकर कौन लोग संघर्ष कर रहे हैं। प्लेटफॉर्म को देशभर के विभिन्न आंदोलनों और जन शिकायतों की जानकारी को एक जगह जुटाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
राहुल गांधी ने कहा- संसद से सड़क तक उठाएंगे आवाज
राहुल गांधी ने ‘सत्याग्रह’ का उल्लेख करते हुए महात्मा गांधी की विचारधारा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सच के साथ खड़ा होना महत्वपूर्ण है और एकजुट होकर सच के पक्ष में खड़ा होना और अधिक प्रभावी हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर वे किसी अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं तो अपनी कहानी साझा करें। राहुल गांधी ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह इन मुद्दों को संसद में उठाने, सड़क पर लोगों के साथ खड़े होने और पत्र लिखने सहित विभिन्न माध्यमों से आवाज देने की कोशिश करेंगे।





















