पुरुलिया में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर और ऑटो की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, चार गंभीर

Rupa Kumari | July 20, 2026 | 01:51 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया-जमशेदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बलरामपुर थाना क्षेत्र के श्यामनगर रेलवे गेट ओवरब्रिज के पास ट्रेलर और ऑटो की आमने-सामने हुई टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

टक्कर में ऑटो के उड़ गए परखच्चे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ऑटो जमशेदपुर से यात्रियों को लेकर आ रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह दब गया। हादसे में ऑटो चालक समेत कुल पांच लोग घायल हो गए।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद

घटना की सूचना मिलते ही बलरामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल बलरामपुर बांसगढ़ ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को देवेन महतो गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, पुरुलिया रेफर कर दिया गया।

इलाज के दौरान एक युवक की मौत

अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने आदित्य माझी को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वह आड़शा थाना क्षेत्र के कौरांग गांव का निवासी था। सूत्रों के अनुसार, घायलों में से दो लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य दो घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें : रिम्स शासी परिषद की 65वीं बैठक कल, कैंसर इलाज से लेकर मेडिकल सीटें बढ़ाने तक 26 प्रस्तावों पर होगा मंथन

हादसे के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किस परिस्थिति में हुआ और क्या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही की भूमिका थी। इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

Share this news

संबंधित खबरें