Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की शासी परिषद (गवर्निंग बॉडी) की 65वीं बैठक मंगलवार को आयोजित होगी। बैठक में अस्पताल और मेडिकल शिक्षा से जुड़े 26 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय होने की संभावना है। इस बार कैंसर उपचार, मेडिकल सीटों में वृद्धि, आधुनिक उपकरणों की खरीद और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष फोकस रहेगा।
यह भी पढ़ें : MGM अस्पताल के होमगार्ड जवानों को बड़ी राहत, 4 माह का बकाया वेतन जल्द मिलेगा
नई रेडियोथेरेपी मशीन खरीदने का प्रस्ताव
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के लिए करीब 5.89 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि से नई और अत्याधुनिक रेडियोथेरेपी मशीन खरीदने का है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो रिम्स में कैंसर मरीजों को अधिक आधुनिक और प्रभावी उपचार उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही इलाज के लिए दूसरे राज्यों या बड़े शहरों में रेफर किए जाने वाले मरीजों की संख्या भी कम होने की उम्मीद है।
MBBS, PG और सुपर स्पेशियलिटी सीटें बढ़ाने पर चर्चा
बैठक में केंद्र सरकार की योजना के तहत MBBS, पोस्ट ग्रेजुएट (PG) और सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों की सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। हाल ही में रिम्स में MBBS सीटों की संख्या 180 से बढ़ाकर 250 की गई है। अब मेडिकल शिक्षा के और विस्तार को लेकर भी अहम निर्णय लिए जा सकते हैं।

अस्पताल की सुविधाओं को मजबूत करने पर रहेगा जोर
शासी परिषद की बैठक में अस्पताल के लिए नए मेडिकल उपकरणों की खरीद, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों और अन्य प्रशासनिक मामलों पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और संस्थान की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े कई प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल हैं।
लंबित फैसलों की होगी समीक्षा
सूत्रों के अनुसार, पिछली 64वीं शासी परिषद बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर अब तक पूरी तरह अमल नहीं हो पाया है। ऐसे में मंगलवार की बैठक में उन लंबित प्रस्तावों की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं।

Reporter | Samachar Post

