मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

पटना में जमीन के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, 25 हजार का इनामी मुशीर अहमद गिरफ्तार

Samachar Post रिपोर्टर, पटना : जमीन दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये लेने और कथित धोखाधड़ी के मामलों में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी मुशीर अहमद को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली थाना पुलिस ने पाटलिपुत्र के रोड नंबर-3 में छापेमारी कर उसे पकड़ा।पुलिस के मुताबिक, मुशीर मूल रूप से सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के बडहैया का रहने वाला है। वह पटना के भिखना पहाड़ी स्थित चमन अपार्टमेंट में रहता था। पुलिस की तलाश शुरू होने के बाद उसने अपना ठिकाना बदल लिया और पाटलिपुत्र इलाके में कथित तौर पर पहचान छिपाकर रह रहा था।

पार्टनर सुदामा सिंह पहले ही हो चुका है गिरफ्तार

मुशीर अहमद के साथ जमीन कारोबार में पार्टनर रहे सुदामा सिंह को पुलिस दो दिन पहले गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने उसे बिहटा के लई चौक से पकड़ा था। सुदामा सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के धैनुकी गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, मुशीर और सुदामा के खिलाफ जमीन दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लेने और धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। जांच के मुताबिक, दोनों ने पटना के फ्रेजर रोड में कबीर कॉलोनाइजर एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड नाम से रियल एस्टेट कंपनी बनाई थी। आरोप है कि कंपनी के जरिए लोगों को जमीन दिलाने का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपये लिए गए। जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर पैसे लेने के बाद कथित धोखाधड़ी की शिकायतों पर कोतवाली थाने में जालसाजी और धोखाधड़ी के मामले दर्ज किए गए।

मुशीर के खिलाफ कई थानों में दर्ज हैं केस

पुलिस के मुताबिक, मुशीर अहमद के खिलाफ अकेले कोतवाली थाने में 10 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा नौबतपुर और कदमकुआं थाने में भी उसके खिलाफ एक-एक मामला दर्ज है। ये मामले वर्ष 2021 से 2024 के बीच दर्ज किए गए थे। इन मामलों में जमीन दिलाने के नाम पर रुपये लेने और कथित धोखाधड़ी के आरोप शामिल हैं। पुलिस जांच में नौबतपुर के चिरौररा गांव से जुड़ा एक मामला भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, कबीर कॉलोनाइजर एंड डेवलपर्स के जरिए 11 लाख रुपये प्रति कट्ठा की दर से 8 कट्ठा जमीन दिलाने का वादा किया गया था। आरोप है कि इस सौदे के लिए दानापुर निवासी मीता देवी से करीब 83 लाख रुपये लिए गए। इसके अलावा भी कई लोगों ने जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लिए जाने की शिकायत की है।

यह भी पढ़ें : बिहार पंचायत चुनाव में EBC आरक्षण का फॉर्मूला तैयार, पंचायतवार आंकड़ों से तय होगा कोटा

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में जुटी पुलिस

मुशीर के फरार होने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पाटलिपुत्र इलाके में उसके छिपे होने की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस की टीम ने रोड नंबर-3 में छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। सुदामा सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस मुशीर से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान जमीन से जुड़े कथित लेनदेन, अन्य शिकायतों और मामले में शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आगे की जांच के आधार पर कार्रवाई करेगी।

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment