मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

लोहरदगा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, होटल-रेस्टोरेंट में छापेमारी; एक्सपायरी खाद्य पदार्थ नष्ट

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर,लोहरदगा : लोहरदगा शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटल, रेस्टोरेंट, फास्ट फूड स्टॉल, स्ट्रीट फूड वेंडर, बेकरी और भोजनालयों में व्यापक जांच अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. मोईन अख्तर के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता से जुड़ी अनियमितताएं सामने आईं। विभाग ने मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए और कई संचालकों को चेतावनी दी।

यह भी पढ़ें : धनबाद में अपराध पर पुलिस का शिकंजा, क्राइम रेट में 30% की गिरावट; SSP ने तय किए नए लक्ष्य

होटल और भोजनालयों में मिली स्वच्छता संबंधी खामियां

जांच अभियान की शुरुआत कचहरी मोड़ स्थित झारखण्डी मटन होटल से हुई, जहां साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। टीम ने होटल संचालक को परिसर की स्वच्छता सुधारने, कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था करने और ढक्कनदार डस्टबिन का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का निर्देश दिया। इसके बाद टीम मैना बगीचा स्थित दिलीप होटल और अदिति भोजनालय पहुंची। यहां पनीर और रसगुल्ला की गुणवत्ता की जांच की गई। अधिकारियों ने रसगुल्ला बनाने में स्टार्च, मैदा और अरारोट जैसी सामग्रियों का अत्यधिक उपयोग नहीं करने की हिदायत दी। वहीं अदिति भोजनालय में रसोई और भोजन परोसने वाले क्षेत्र में स्वच्छता मानकों का पालन नहीं मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया।

बेकरी और फास्ट फूड दुकान से एक्सपायरी सामान जब्त

निरीक्षण के दौरान मेसर्स वेल्वेट केक एंड मोर बेकरी में एक्सपायरी हो चुके कुकीज और बिस्किट मिले। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर ही इन उत्पादों को नष्ट कराया और संचालक को भविष्य में एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने की सख्त चेतावनी दी। इसी तरह नदिया स्थित मेसर्स सुधीर फास्ट फूड में एक्सपायरी मायोनिज मिलने पर उसे भी तत्काल नष्ट कराया गया। विभाग ने संचालक को खाद्य सामग्री की खरीद और भंडारण के दौरान एक्सपायरी तिथि की नियमित जांच करने का निर्देश दिया।

बार-बार तेल इस्तेमाल नहीं करने की सलाह

मेसर्स विकास साहु फास्ट फूड स्टॉल के निरीक्षण के दौरान खाद्य तेल के सुरक्षित उपयोग को लेकर जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है, इसलिए निर्धारित मानकों के अनुसार ही खाद्य तेल का उपयोग किया जाना चाहिए।

FSSAI के नियमों का पालन करने के निर्देश

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) का लाइसेंस लेकर ही कारोबार संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही भोजन तैयार करते समय एप्रन और हेड कवर पहनने, स्वीकृत खाद्य रंगों का उपयोग करने और व्यक्तिगत एवं प्रतिष्ठान की स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment