Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : आम लोगों के खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन वापस दिलाने के लिए कोडरमा पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन विश्वास’ को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और मोबाइल ट्रैकिंग की मदद से 177 स्मार्टफोन बरामद कर उनके वैध मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 53 लाख रुपये बताई गई है।
तकनीकी शाखा ने ट्रैक किए 177 स्मार्टफोन
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एसपी के निर्देश पर तकनीकी शाखा ने मोबाइल ट्रैकिंग और डेटा विश्लेषण के जरिए अलग-अलग स्थानों से 177 गुम और चोरी हुए स्मार्टफोन बरामद किए। इनमें 121 मोबाइल अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुम या चोरी हुए थे, जबकि 56 मोबाइल कोडरमा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के थे।
किन राज्यों से मिले सबसे अधिक मोबाइल?
बरामद मोबाइल देश के कई राज्यों से ट्रैक किए गए। सबसे अधिक मोबाइल महाराष्ट्र और दिल्ली से बरामद हुए। महाराष्ट्र 35, दिल्ली 31, पश्चिम बंगाल 13, तेलंगाना 13, कर्नाटक 8, केरल 5, उत्तर प्रदेश 3, मध्य प्रदेश 3, हरियाणा 2, तमिलनाडु 2, छत्तीसगढ़ 2, राजस्थान 1, आंध्र प्रदेश 1, गोवा 1, दादर एवं नगर हवेली 1
वैध मालिकों को लौटाए गए मोबाइल
कोडरमा पुलिस ने बरामद सभी मोबाइल का सत्यापन कर उन्हें उनके वैध मालिकों को सौंप दिया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि तकनीकी माध्यम से जल्द बरामदगी की कार्रवाई की जा सके।






















