Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। जनता दरबार में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें : पलामू में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही: 5 साल के बच्चे को एक्सपायरी दवा दी, बिगड़ी तबीयत
भूमि विवाद से लेकर पेंशन तक पहुंचे कई मामले
जनता दरबार में भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास समेत विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी मामलों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता: DC
उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करते हुए तय समय-सीमा के भीतर कार्रवाई की जाए।

कई मामलों में मौके पर ही दिए निर्देश
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने कई शिकायतों पर तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए। वहीं, जिन मामलों में विस्तृत जांच या विभागीय कार्रवाई की आवश्यकता थी, उन्हें संबंधित विभागों को अग्रसारित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उपायुक्त ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

Reporter | Samachar Post

