पलामू में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही: 5 साल के बच्चे को एक्सपायरी दवा दी, बिगड़ी तबीयत

Meenu | July 7, 2026 | 04:28 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : जिले के मनातू प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा है। यहां इलाज कराने पहुंचे पांच वर्षीय बच्चे को कथित तौर पर एक्सपायरी सिरप दे दिया गया। परिजनों का आरोप है कि दवा पिलाने के कुछ ही देर बाद बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तत्काल एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराना पड़ा। घटना के बाद ग्रामीणों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति भारी नाराजगी है।

यह भी पढ़ें : कोडरमा में बंद मकान का ताला तोड़ चोरी, बाइक, LPG सिलेंडर समेत सामान ले उड़े चोर

बुखार के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे परिजन

जानकारी के अनुसार, मनातू प्रखंड की मझौली पंचायत निवासी बृजेश यादव अपने पांच वर्षीय पुत्र सुशील कुमार को तेज बुखार होने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। जांच के बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चे को एक सिरप दिया और घर भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि घर पहुंचकर जैसे ही बच्चे को दवा पिलाई गई, उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। उसे लगातार उल्टियां होने लगीं और उसकी हालत चिंताजनक हो गई। बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने दवा की शीशी की जांच की। उनका दावा है कि उस पर अंकित एक्सपायरी डेट समाप्त हो चुकी थी। इसके बाद बच्चे को तुरंत एक निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। बच्चे के पिता बृजेश यादव ने आरोप लगाया कि यदि समय पर निजी अस्पताल में इलाज नहीं कराया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने इस घटना को सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों में आक्रोश, उच्चस्तरीय जांच की मांग

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, एक्सपायरी दवाओं की सप्लाई की जांच करने और जिम्मेदार कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Share this news

संबंधित खबरें