Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा : जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-28 स्थित मड़ुआटांड़ में बंद पड़े एक मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर मोटरसाइकिल, एलपीजी सिलेंडर और अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : पूर्व शराब नीति मामला: झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई, विजन हॉस्पिटैलिटी को 21 जुलाई तक राहत
2 जुलाई को लगाया था ताला, लौटे तो टूटा मिला दरवाजा
मकान मालिक प्रकाश चौधरी ने बताया कि वह जयनगर थाना क्षेत्र के पावर हाउस डंडाडीह के निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 2010 में यह मकान बनवाया था। वर्ष 2022 तक उनके बेटे, बहू और पोता इसी घर में रहते थे, लेकिन दिल्ली चले जाने के बाद मकान बंद पड़ा था। प्रकाश चौधरी समय-समय पर घर की देखभाल करने आते थे। उन्होंने बताया कि 2 जुलाई को आखिरी बार घर की जांच कर ताला लगाया था। मंगलवार को जब वह दोबारा मकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर पहले कमरे से मोटरसाइकिल गायब थी। बहू के कमरे में रखा बक्सा टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। रसोई में रखा भरा हुआ एलपीजी सिलेंडर भी चोरी हो चुका था। गृहस्वामी के अनुसार, बक्से में रखे जेवरात और नकदी का सही विवरण फिलहाल उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि बहू के आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कितने आभूषण और कितनी नकदी चोरी हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 2 जुलाई के बाद किस दिन चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

Reporter | Samachar Post

