Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी : पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति (OBC) की ओर से मंगलवार को बुलाए गए खूंटी बंद का जिले में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। सुबह से ही खूंटी शहर की अधिकांश दुकानें बंद हैं। बंद समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-20 (NH-20) पर हूटार चौक के पास सड़क जाम कर दिया। वहीं नेताजी चौक पर भी आवागमन बाधित किया गया। इससे शहर में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। बता दें कि OBC संघर्ष समिति ने रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा में बंद का आह्वान किया है। बंद को सफल बनाने के लिए सोमवार शाम इन पांचों जिलों में मशाल जुलूस भी निकाला गया था।
सरकारी नौकरियों में OBC आरक्षण की मांग
पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति की प्रमुख मांग सरकारी नौकरियों में OBC को आरक्षण देना है। समिति इसके साथ राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने और जनगणना में OBC जाति का अलग से उल्लेख करने की व्यवस्था की मांग कर रही है। समिति ने पेसा कानून के तहत OBC को भी अधिकार देने की मांग उठाई है। पदाधिकारियों का कहना है कि अगर OBC समाज की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।

दुकानदारों से बंद में सहयोग की अपील
बंद समर्थक सुबह से ही शहर और आसपास के इलाकों में घूमकर दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील कर रहे हैं। समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता नेताजी चौक पर जुटे और इसके बाद अलग-अलग इलाकों का भ्रमण कर बंद की स्थिति का जायजा लिया। खूंटी के अलावा तोरपा में भी बंद का असर दिखाई दिया, जहां कई दुकानें बंद रहीं। जिले के अन्य प्रखंडों में भी समिति के कार्यकर्ता सक्रिय रहे।
मशाल जुलूस निकालकर की गई थी अपील
बंद से एक दिन पहले सोमवार शाम खूंटी क्लब से मशाल जुलूस निकाला गया था। इस दौरान समिति के सदस्यों ने दुकानदारों और वाहन मालिकों से बंद को सफल बनाने में सहयोग की अपील की थी। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य वर्तमान और आने वाली पीढ़ी के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से बंद को सफल बनाने का आग्रह किया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे सक्रिय
बंद के दौरान छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज के संरक्षक किशोर गंझू, जिलाध्यक्ष शिवनारायण गंझू और मोटिया मजदूर संघ के अध्यक्ष सयूम अंसारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सक्रिय रहे। समिति ने बंद के दौरान लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पदाधिकारियों का कहना है कि सामूहिक सहयोग से बंद को शांतिपूर्ण तरीके से सफल बनाया जाए। OBC संघर्ष समिति ने अपनी मांगों को लेकर रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा में बंद का आह्वान किया है। समिति का कहना है कि OBC समाज की मांगों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।





















