JSSC Recruitment 2026: इंटर पास युवाओं के लिए 326 सरकारी नौकरियों का मौका, 20 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन

Samachar Post डेस्क, रांची : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे इंटरमीडिएट पास युवाओं के लिए अच्छी खबर है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (JISCCE) 2026 के तहत 326 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस भर्ती अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, बहुद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता, कनीय क्षेत्रीय अन्वेषक, वेटेरिनरी सहायक-चिकित्सा सहायक, कीट संग्रहकर्ता और मत्स्य तकनीकी सहायक सहित विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

19 अगस्त तक भर सकेंगे आवेदन

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 19 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी 20 अगस्त की मध्यरात्रि तक परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे। इसी अवधि में फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के साथ आवेदन पत्र का प्रिंट भी निकाला जा सकेगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को 21 से 23 अगस्त 2026 तक आवेदन में संशोधन का मौका मिलेगा। हालांकि नाम, जन्मतिथि, ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर में बदलाव की अनुमति नहीं होगी।

CBT मोड में होगी परीक्षा

JSSC के अनुसार भर्ती परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के माध्यम से आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो चरणों प्रारंभिक और मुख्य में होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 50 हजार से कम रहती है तो प्रारंभिक परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। विशेष परिस्थितियों में आयोग सीधे मुख्य परीक्षा कराने का निर्णय भी ले सकता है।

यह भी पढ़ें: JSCA स्टेडियम भगदड़ के बाद अलर्ट मोड में क्रिकेट संघ, फ्री एंट्री बंद करने और नई SOP पर मंथन

प्रारंभिक परीक्षा का पैटर्न

प्रारंभिक परीक्षा में कुल 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 3 अंक दिए जाएंगे, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी।

प्रश्नों का वितरण इस प्रकार रहेगा

  • सामान्य अध्ययन : 30 प्रश्न
  • झारखंड से संबंधित विषय : 60 प्रश्न
  • सामान्य गणित : 10 प्रश्न
  • सामान्य विज्ञान : 10 प्रश्न
  • मानसिक क्षमता जांच : 10 प्रश्न

इंटर पास अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती सरकारी नौकरी हासिल करने का एक बड़ा अवसर माना जा रहा है। उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विस्तृत विज्ञापन और पात्रता संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

संबंधित खबरें