JSCA स्टेडियम भगदड़ के बाद अलर्ट मोड में क्रिकेट संघ, फ्री एंट्री बंद करने और नई SOP पर मंथन

Rupa Kumari | June 26, 2026 | 01:09 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग के फाइनल मैच के दौरान JSCA स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ और उसके बाद हुए लाठीचार्ज की घटना के बाद झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) भविष्य की तैयारियों को लेकर सतर्क हो गया है। संघ अब स्टेडियम में दर्शकों की एंट्री व्यवस्था को लेकर नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने पर विचार कर रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

फाइनल मुकाबले में उमड़ी अप्रत्याशित भीड़

JSCA के उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के शुरुआती 26 मुकाबलों में दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क था और किसी तरह की अव्यवस्था नहीं हुई। लेकिन फाइनल मैच में उम्मीद से कहीं अधिक संख्या में दर्शकों के पहुंचने से प्रवेश द्वारों पर भीड़ बेकाबू हो गई। उनके अनुसार स्टेडियम के अंदर मैच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और समस्या मुख्य रूप से एंट्री गेट के बाहर अचानक बढ़ी भीड़ के कारण उत्पन्न हुई।

भगदड़ में 22 से अधिक लोग हुए थे घायल

मंगलवार को फाइनल मुकाबले के दौरान प्रवेश के लिए बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम पहुंच गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास में बाउंसरों द्वारा लाठीचार्ज किए जाने के बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। इस घटना में 22 से अधिक दर्शक घायल हो गए थे। अब क्रिकेट संघ इस पूरी घटना की समीक्षा कर खामियों की पहचान करने में जुटा है।

फ्री एंट्री की जगह कूपन या टिकट व्यवस्था संभव

भविष्य में भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए JSCA कई विकल्पों पर विचार कर रहा है। इनमें फ्री एंट्री व्यवस्था को समाप्त करना, सीमित संख्या में कूपन जारी करना या नाममात्र का टिकट शुल्क लागू करना शामिल है। संघ का मानना है कि कूपन या टिकट आधारित प्रवेश व्यवस्था से दर्शकों की संख्या का बेहतर अनुमान लगाया जा सकेगा और सुरक्षा व्यवस्था को उसी के अनुरूप मजबूत किया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें: शादी से लौट रहे लोगों से भरा ऑटो पलटा, 8 घायल; 3 माह का मासूम सुरक्षित

सुरक्षा विशेषज्ञों से सलाह के बाद होगा फैसला

उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि फिलहाल कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। पहले पूरी घटना की समीक्षा की जाएगी, फिर सुरक्षा विशेषज्ञों और संबंधित एजेंसियों के साथ चर्चा कर नई SOP तैयार की जाएगी। साथ ही भविष्य के आयोजनों के लिए स्टेडियम की एंट्री और एग्जिट व्यवस्था को भी अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने पर जोर दिया जाएगा।

Share this news

संबंधित खबरें