Samachar Post रिपोर्टर,रांची : बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर में लगातार तीन दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने वाली हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर 11 सितंबर 2026 को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। इसके बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। लगातार तीन दिनों तक बैंक शाखाएं बंद रहने से नकद जमा-निकासी, चेक से जुड़े काम और अन्य शाखा आधारित बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग कार्य 10 सितंबर को ही निपटा लें।
यह भी पढ़ें : EOU पूछताछ में संजीव मुखिया की कथित भूमिका का खुलासा, NEET 2017 से BPSC TRE-3 तक पेपर लीक की जांच
पांच दिन का कार्य सप्ताह समेत कई मांगें
बैंक कर्मचारी पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर 11 सितंबर को हड़ताल कर रहे हैं। इसके अलावा इंसेंटिव योजना की समीक्षा सहित अन्य मुद्दे भी कर्मचारियों की मांगों में शामिल हैं। हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित होने की संभावना है। हालांकि, ऑनलाइन बैंकिंग और अन्य डिजिटल माध्यमों से होने वाले कई लेनदेन जारी रह सकते हैं।

SBI ने ग्राहकों को पहले से तैयारी करने की दी सलाह
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने ग्राहकों से अपील की है कि वे जरूरी बैंकिंग लेनदेन पहले ही पूरा कर लें। जरूरत पड़ने पर ग्राहक ATM, ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। बैंक लगातार तीन दिनों तक बंद रहने की स्थिति में ग्राहकों को नकदी और अन्य जरूरी बैंकिंग जरूरतों की पहले से योजना बनाने की सलाह दी गई है।

Reporter | Samachar Post


