Samachar Post रिपोर्टर,रांची : रात करीब दो बजे सड़क पर सोते नजर आ रहे ये लोग JSSC-CGL परीक्षा के सफल अभ्यर्थी हैं। परीक्षा रद्द किए जाने के सरकार के फैसले के बाद से सफल अभ्यर्थी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। कभी प्रोजेक्ट भवन के बाहर तो कभी सचिवालय परिसर में प्रदर्शन कर रहे इन अभ्यर्थियों की मांग है कि सरकार उनके साथ न्याय करे और उनकी नियुक्ति का रास्ता साफ करे।
यह भी पढ़ें : झारखंड विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही मचा हड़कंप
परीक्षा रद्द होने के बाद बढ़ी नाराजगी
JSSC-CGL परीक्षा को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद उस वक्त नया मोड़ ले गया, जब सरकार ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया। इससे परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के बीच निराशा फैल गई। सफल अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने परीक्षा पास करने के बाद नियुक्ति की उम्मीद की थी, लेकिन परीक्षा रद्द होने के फैसले ने उनका भविष्य अधर में डाल दिया है।
26 दिनों तक चला था छात्रों का आंदोलन
JSSC-CGL को लेकर जयपाल सिंह स्टेडियम में छात्रों का 26 दिनों तक आंदोलन चला था। आंदोलन खत्म होने के बाद सरकार ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया। फैसले के बाद आंदोलन कर रहे छात्रों में जहां खुशी देखने को मिली, वहीं परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद से सफल अभ्यर्थी लगातार सड़कों पर उतरकर अपनी नियुक्ति बचाने की मांग कर रहे हैं।

कभी प्रोजेक्ट भवन, कभी सचिवालय के बाहर प्रदर्शन
सफल अभ्यर्थी लगातार अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में अगर कोई गड़बड़ी हुई है तो उसकी जांच की जाए, लेकिन सफल अभ्यर्थियों के भविष्य को देखते हुए उनकी नियुक्ति पर भी विचार किया जाए। रात में सड़क पर सोने की तस्वीरें इसी आंदोलन की स्थिति को दिखाती हैं। अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर लगातार सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं।
नियुक्ति बचाने की मांग पर अड़े अभ्यर्थी
सफल अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने के फैसले पर पुनर्विचार किया जाए और सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा पास करने के बाद नियुक्ति की उम्मीद लगाए बैठे युवाओं के भविष्य को भी सरकार को ध्यान में रखना चाहिए। फिलहाल नियुक्ति की मांग को लेकर उनका आंदोलन जारी है।

Reporter | Samachar Post

