झारखंड में सहायक आचार्य के 7,299 पदों पर भर्ती, JSSC ने जारी किया विज्ञापन; 31 जुलाई से आवेदन शुरू

Rupa Kumari | July 23, 2026 | 05:21 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने सहायक आचार्य (Assistant Teacher) के कुल 7,299 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इनमें नियमित और बैकलॉग दोनों श्रेणियों के पद शामिल हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने आवेदन प्रक्रिया, शुल्क भुगतान और सुधार की तिथियां भी घोषित कर दी हैं।

आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां

JSSC द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अभ्यर्थी 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन भर सकते हैं। आवेदन शुल्क का भुगतान, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र का प्रिंटआउट 3 सितंबर तक निकाला जा सकेगा, जबकि आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 5 से 7 सितंबर 2026 तक का समय दिया गया है।

कुल 7,299 पदों पर होगी नियुक्ति

आयोग द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार कुल 7,299 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें पारा शिक्षक कोटि के लिए नियमित और बैकलॉग दोनों प्रकार की नियुक्तियां शामिल हैं।

  • नियमित पद: 6,101
  • बैकलॉग पद: 1,198
  • पहली से पांचवीं कक्षा तक के लिए 2,756 पद

इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) के लिए कुल 2,756 पदों पर भर्ती निकाली गई है।

  • नियमित पद: 1,909
  • बैकलॉग पद: 847
  • छठी से आठवीं कक्षा तक के लिए 4,543 पद

स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 6 से 8) के लिए कुल 4,543 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।

विषयवार रिक्तियां

भाषा विषय

  • नियमित पद: 1,868
  • बैकलॉग पद: 19

सामाजिक विज्ञान

  • नियमित पद: 660
  • बैकलॉग पद: 248

विज्ञान-गणित

  • नियमित पद: 1,664
  • बैकलॉग पद: 84


सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद भर्ती प्रक्रिया

सहायक आचार्य भर्ती को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को विशेष परीक्षा आयोजित कर पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित पदों पर नियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। सहायक आचार्य के कुल पदों में 50 प्रतिशत सीटें पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित हैं। लंबे समय से रिक्त पड़े इन पदों को भरने की मांग की जा रही थी। अब आयोग द्वारा विज्ञापन जारी किए जाने के बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

कौन कर सकेगा आवेदन?

नियमित और बैकलॉग दोनों नियुक्तियों के लिए अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) द्वारा निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करनी होगी। इसके अलावा संबंधित स्तर के लिए झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। हालांकि, केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) या अन्य राज्यों की शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पास अभ्यर्थियों को भी प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया गया है।

यह भी पढ़ें : रांची के थानों में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम, आम लोगों की शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा

अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अवसर

झारखंड में लंबे समय बाद इतनी बड़ी संख्या में शिक्षक पदों पर भर्ती निकाली गई है। इससे हजारों अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलेगा और राज्य के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने में भी मदद मिलेगी।

Share this news

संबंधित खबरें