Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 7 सितंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका है। अगले पांच दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, 8 से 10 सितंबर के बीच बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
8 से 10 सितंबर तक 40 किमी की रफ्तार से चल सकती है हवा
मौसम विभाग के अनुसार 5, 6 और 7 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज और वज्रपात हो सकता है। 8, 9 और 10 सितंबर को गरज-वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 8 सितंबर को कई स्थानों पर बारिश और मेघ गर्जन की प्रबल संभावना है। 9 और 10 सितंबर को भी मौसम का यही मिजाज बने रहने का अनुमान है।
रांची समेत इन जिलों में वज्रपात की संभावना
मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में गरज-वज्रपात का असर देखने को मिल सकता है। दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी वज्रपात की संभावना है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार तथा उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी गरज और वज्रपात हो सकता है।

झारखंड में सामान्य के करीब पहुंची मानसूनी बारिश
राज्य में मानसून की कुल बारिश अब सामान्य के करीब पहुंच गई है। 1 जून से 4 सितंबर तक झारखंड में 822.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 831.8 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। इस तरह राज्य में सामान्य से सिर्फ 1 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जो सामान्य श्रेणी में आती है। हालांकि, जिलों के स्तर पर बारिश की स्थिति में काफी अंतर है।
पाकुड़ में 47% कम, पश्चिमी सिंहभूम में 51% ज्यादा बारिश
जिलावार आंकड़ों के अनुसार, पाकुड़ में सामान्य से 47 प्रतिशत कम बारिश हुई है। चतरा में 32 प्रतिशत, देवघर में 34 प्रतिशत, कोडरमा में 24 प्रतिशत, गिरिडीह और गुमला में 23-23 प्रतिशत तथा हजारीबाग में 21 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है। इसके विपरीत पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 51 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। जिले में 1 जून से 4 सितंबर तक 1268.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
रांची में सामान्य से 4.3 डिग्री कम रहा तापमान
पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम रहा।
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30.3, डालटनगंज में 32.1, बोकारो-थर्मल में 31.1, चाईबासा में 28.4, सिमडेगा में 25.7, लातेहार में 25.1, सरायकेला में 29.8, पाकुड़ में 32 और बहरागोड़ा में 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
रांची में अब तक 1087 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश
रांची में 1 जून से अब तक 1087.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसी अवधि में जमशेदपुर में 993.3, डालटनगंज में 1015.4, बोकारो-थर्मल में 803 और चाईबासा में 1097.2 मिलीमीटर बारिश हुई है।
पिछले 24 घंटे में रांची में 0.2 और सरायकेला में 0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, राज्य के कई अन्य प्रमुख मौसम केंद्रों पर बारिश नहीं हुई।

Reporter | Samachar Post


