झारखंड के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 8 सितंबर से बदलेगा मौसम; जानें आपके जिले का हाल

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में पिछले कुछ दिनों से बारिश की गतिविधियां कम होने के बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रांची समेत कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 सितंबर तक तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रह सकता है, लेकिन 8 सितंबर से मौसम का मिजाज बदलने के संकेत हैं। राज्य के कई हिस्सों में 9 और 10 सितंबर को बारिश की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड के मौसम पर पड़ सकता है, जिससे एक बार फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।

यह भी पढ़ें : जमीनी कार्यकर्ता से मंत्री तक का सफर, झारखंड के पर्यटन को नई दिशा देने की कोशिश में याद किए जाएंगे सुदिव्य कुमार सोनू

कई जिलों में बढ़ा तापमान

पिछले 24 घंटे के दौरान रांची के अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री, चाईबासा में 5 डिग्री, मेदिनीनगर में 1.8 डिग्री और बोकारो में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान कोडरमा में 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

8 सितंबर से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 8 सितंबर से राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 9 और 10 सितंबर को झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिल सकती है। रांची और आसपास के क्षेत्रों में 6 और 7 सितंबर को आंशिक बादल छाए रहने और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

9 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 9 सितंबर को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अलर्ट वाले जिलों में गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी इन जिलों में गरज के साथ तेज बारिश और कुछ इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है। लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

राज्य में सामान्य से 2% कम बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 5 सितंबर तक झारखंड में 822.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षापात 840.2 मिमी होता है। इस प्रकार राज्य में अब तक बारिश सामान्य से 2 प्रतिशत कम रही है। जिलेवार आंकड़ों में पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक 1268.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 49 प्रतिशत अधिक है। वहीं, रांची, लातेहार, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भी सामान्य से अधिक वर्षा हुई। दूसरी ओर, पाकुड़, देवघर, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, गुमला और हजारीबाग जैसे जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।

अगले कुछ दिनों का अनुमान

10 और 11 सितंबर को भी झारखंड के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग का मानना है कि बंगाल की खाड़ी में बनने वाले सिस्टम के प्रभाव से राज्य में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है।

Share this news

संबंधित खबरें