Samachar Post रिपोर्टर,रांची : आम नागरिकों और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से राजधानी रांची के विभिन्न थानों में गुरुवार को ‘जन शिकायत समाधान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस अधिकारी स्वयं थानों में बैठकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर रहे हैं।\
यह भी पढ़ें : JPSC के पूर्व अध्यक्ष एलबी खियांग्ते के आवास पर CID की छापेमारी, दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच
बिना झिझक पुलिस तक पहुंचने का अवसर
इस विशेष पहल का उद्देश्य लोगों को ऐसा माहौल उपलब्ध कराना है, जहां वे बिना किसी डर, झिझक या दबाव के सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। पुलिस का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम से आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत होगा तथा शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी।
पिछले सप्ताह भी मिला था अच्छा प्रतिसाद
पुलिस प्रशासन के अनुसार, पिछले सप्ताह भी जिले के विभिन्न थानों में इसी तरह के जन शिकायत समाधान शिविर आयोजित किए गए थे, जिनमें बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि गंभीर मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू की गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार की शिकायतों पर सुनवाई की जा रही है। इनमें प्रमुख रूप से जमीन एवं संपत्ति विवाद, पारिवारिक और घरेलू विवाद, पति-पत्नी या रिश्तेदारों के बीच आपसी विवाद, साइबर अपराध और आर्थिक धोखाधड़ी, महिला सुरक्षा से जुड़े मामले, ट्रैफिक एवं स्थानीय नागरिक समस्याएं। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है या जो संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आते हैं, उनमें पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

जनता-पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने की पहल
रांची पुलिस का कहना है कि ‘जन शिकायत समाधान’ कार्यक्रम का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि आम लोगों को समयबद्ध और प्रभावी न्याय दिलाना भी है। ऐसे शिविरों के माध्यम से पुलिस व्यवस्था को अधिक जनसुलभ और जवाबदेह बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Reporter | Samachar Post

