मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

JPSC-JSSC परीक्षा विवाद पर सड़क से सदन तक संग्राम, छात्रों का विधानसभा घेराव आज; बाबूलाल मरांडी के आवास पर BJP की बैठक

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के आरोपों को लेकर राज्य में सियासी और छात्र आंदोलन तेज हो गया है। परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और गड़बड़ियों की जांच की मांग को लेकर छात्र संगठनों ने सोमवार को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। वहीं, छात्रों के आंदोलन के समर्थन में विपक्षी दल BJP ने भी सरकार को सड़क से लेकर सदन तक घेरने की तैयारी कर ली है।

पुरानी विधानसभा मैदान में छात्रों का जुटना शुरू

JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में राज्यभर से अभ्यर्थियों और छात्र संगठनों के रांची पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। पुरानी विधानसभा मैदान और आसपास के इलाकों में सुबह से ही छात्रों की भीड़ जुटने लगी है। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुरानी विधानसभा से लेकर वर्तमान विधानसभा परिसर तक कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से प्रदर्शन स्थल और विधानसभा की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।

बाबूलाल मरांडी के आवास पर BJP विधायकों की अहम बैठक

छात्रों के आंदोलन के बीच BJP ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा तेज करने की तैयारी की है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के मोराबादी स्थित आधिकारिक आवास पर BJP विधायकों की अहम बैठक बुलाई गई है। बैठक में पार्टी के लगभग सभी विधायक शामिल हुए हैं। बैठक में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, अभ्यर्थियों की मांगों और सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा की जा रही है। BJP नेताओं का आरोप है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही शिकायतों से युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है और सरकार को इस पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

विधानसभा में JPSC-JSSC मुद्दे पर हंगामे के आसार

झारखंड विधानसभा की कार्यवाही सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होनी है। सदन की कार्यवाही से पहले BJP विधायकों की बैठक और विधानसभा के बाहर छात्रों के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सदन में भी जोरदार हंगामे के आसार हैं। विपक्ष JPSC और JSSC की परीक्षा व्यवस्था, कथित अनियमितताओं और अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है। विपक्ष की ओर से कार्यस्थगन प्रस्ताव के जरिए इस मुद्दे को सदन में उठाए जाने की संभावना है।

सड़क पर छात्र, सदन में विपक्ष आमने-सामने

JPSC-JSSC परीक्षा विवाद ने झारखंड की राजनीति में एक बार फिर युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं के मुद्दे को केंद्र में ला दिया है। एक ओर अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव की तैयारी में हैं, वहीं दूसरी ओर BJP सरकार पर दबाव बनाने के लिए सदन के भीतर और बाहर आंदोलन को धार देने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में सोमवार का दिन झारखंड की राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। छात्रों का प्रदर्शन और विधानसभा की कार्यवाही के दौरान विपक्ष का रुख यह तय करेगा कि JPSC-JSSC का मुद्दा सदन में किस स्तर तक गरमाता है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment