विधानसभा घेराव में दिखे अनोखे नजारे, कोई स्ट्रेचर पर पहुंचा तो कोई भालू के वेश में नजर आया

Rupa Kumari | August 10, 2026 | 01:37 PM IST
  • छात्रों के प्रदर्शन में गीत, नृत्य और राष्ट्रगान की गूंज; वाटर कैनन के बीच भी बना रहा उत्साह

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के विधानसभा घेराव के दौरान राजधानी रांची में आंदोलन के कई अलग-अलग और अनोखे दृश्य देखने को मिले। हजारों छात्रों की भीड़ के बीच कहीं नारेबाजी हो रही थी, तो कहीं गीत और नृत्य के जरिए अपनी मांगों को अभिव्यक्त किया जा रहा था। प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र अलग-अलग वेशभूषा में भी नजर आए। रैली में एक छात्र भालू की पोशाक पहनकर शामिल हुआ, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। वहीं, आंदोलन को समर्थन दे रहे JLKM नेता देवेंद्रनाथ महतो स्वास्थ्य कारणों से स्ट्रेचर और एंबुलेंस के सहारे विधानसभा घेराव में शामिल होने पहुंचे।

वाटर कैनन के बीच भी नहीं टूटा छात्रों का उत्साह

प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों की ओर से की गई तैयारियों के बीच एक दिलचस्प दृश्य तब देखने को मिला जब वाटर कैनन का इस्तेमाल होने के बावजूद छात्र पीछे हटने के बजाय उत्साह के साथ आगे बढ़ते नजर आए। कई छात्र पानी की बौछारों के बीच भी नारे लगाते और आंदोलन जारी रखते दिखे।

विधानसभा के करीब पहुंचे छात्र, गूंजा राष्ट्रगान

आंदोलनरत छात्र विधानसभा क्षेत्र के करीब पहुंचने के बाद राष्ट्रगान गाते नजर आए। बड़ी संख्या में मौजूद अभ्यर्थियों ने एक साथ राष्ट्रगान गाकर अपनी एकजुटता और शांतिपूर्ण आंदोलन का संदेश देने की कोशिश की। राजधानी में विधानसभा घेराव को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग, अतिरिक्त पुलिस बल, वाटर कैनन और अन्य सुरक्षा संसाधन तैनात किए गए हैं, जबकि छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।

Share this news

संबंधित खबरें