- वीडियो सामने आने के बाद बढ़ी हलचल, पुलिस ने अब तक नहीं की आधिकारिक पुष्टि
Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : मेदिनीनगर के चर्चित जमीन कारोबारी विनीत तिवारी हत्याकांड में एक बार फिर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। चर्चा है कि मामले के आरोपी रोशन तिवारी ने सोमवार तड़के शहर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया है। इस बीच एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें रोशन तिवारी खुद को विनीत तिवारी हत्याकांड का आरोपी बताते हुए सरेंडर करने की बात कहता दिखाई दे रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अप्रैल में हुआ था अपहरण, अगले दिन बरामद हुआ था शव
मालूम हो कि 25 अप्रैल की शाम रेडमा निवासी जमीन कारोबारी विनीत तिवारी का उनकी ही कार से कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई थी। अगले दिन 26 अप्रैल को उनका शव सदर थाना क्षेत्र के जोरकट के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे झाड़ियों से बरामद किया गया था। इस घटना ने पूरे पलामू में सनसनी फैला दी थी।

जमीन कारोबार की रंजिश को माना गया था कारण
पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर जमीन कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई और आपसी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह माना गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया। इस बहुचर्चित मामले में पुलिस पहले ही आरोपी दिलीप तिवारी को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं जुलाई में एक अन्य आरोपी प्रशांत तिवारी को झांसी से गिरफ्तार किया गया था। अब रोशन तिवारी के कथित आत्मसमर्पण की चर्चा ने मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया है।
यह भी पढ़ें : गढ़वा में सोन नदी में सेल्फी के दौरान हादसा, तीन छात्राएं डूबीं; एक बची, दो लापता
मुख्य आरोपी महाकाल अब भी फरार
विनीत तिवारी हत्याकांड में मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने अदालत के आदेश पर फरार आरोपियों के घरों पर इश्तहार भी चस्पा किया था और आत्मसमर्पण नहीं करने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इस मामले में कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल, रोशन तिवारी के आत्मसमर्पण को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

