Samachar Post रिपोर्टर, रांची : बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन का असर झारखंड में दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है। 23 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-वज्रपात, जबकि 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद 25 और 26 सितंबर को भी कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।
राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और बारिश जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ तेज हवा भी चल सकती है। रांची के लिए जारी तात्कालिक चेतावनी में बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़, रांची, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की झोंकेदार हवा के साथ गरज और बारिश की संभावना बताई गई है।
24 सितंबर को इन जिलों में बहुत भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर को सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के अलावा रांची, गुमला और खूंटी के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 25 और 26 सितंबर को भी राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश और मेघ गर्जन की संभावना बनी रहेगी।
27 सितंबर तक वज्रपात और तेज हवा का असर
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक 27 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद 28 सितंबर को भी आंधी-वज्रपात की संभावना जताई गई है। ऐसे में मौसम खराब रहने के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बना डीप डिप्रेशन
आईएमडी के अनुसार 22 सितंबर की रात पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय डिप्रेशन मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदल गया। यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 23 सितंबर की रात के आसपास उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट के बीच पार करने की संभावना में था। इसी मौसम प्रणाली का असर झारखंड समेत आसपास के क्षेत्रों पर पड़ रहा है।
बारिश और वज्रपात के दौरान सावधानी जरूरी
मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और अन्य खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। तेज बारिश की स्थिति में जलजमाव वाले रास्तों पर सावधानी बरतने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की जरूरत है।






















