Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे पर प्रखंड कार्यालय के समीप दो बाइकों के बीच टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों को चोटें आई हैं। स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
चंदरपुर जाने वाली सड़क पर मुड़ने के दौरान हुई टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लटकाहीर गांव निवासी संजय सिंह (25) अपनी बाइक से जा रहे थे। वहीं, पोखरिया गांव निवासी खालिद अंसारी (17) अस्पताल से मजिदन बीबी (40) को उनके घर ले जा रहे थे। इसी दौरान नारायणपुर प्रखंड कार्यालय के समीप चंदरपुर जाने वाली सड़क की ओर मुड़ते समय दोनों बाइकों में टक्कर हो गई। हादसे में संजय सिंह, खालिद अंसारी और मजिदन बीबी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीण और परिजन जुट गए। उनकी मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर ले जाया गया। वहां उनका इलाज किया जा रहा है। घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
नारायणपुर क्षेत्र में पहले भी हुए सड़क हादसे
नारायणपुर थाना क्षेत्र में इससे पहले भी सड़क दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 12 अक्टूबर नारायणपुर थाना क्षेत्र में एक टोटो अनियंत्रित होकर ठेले से टकरा गया था। हादसे में टोटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। 9 मई मुर्गाडीह-लोहारंगी पुल के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर काम कर रहे युवक से टकरा गई थी। दुर्घटना में बाइक सवार और सड़क पर काम कर रहा युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे।






















