Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले के चरही क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच ट्रकों को जब्त किया गया है। यह कार्रवाई 15 माइल के पास की गई। केऔसुब इकाई एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग की ओर से अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया था।
रात में लगाया गया एम्बुश, सुबह पकड़े गए पांच ट्रक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 की रात से चरही के 15 माइल इलाके में अवैध कोयला परिवहन पर नजर रखने के लिए एम्बुश लगाया गया था। इसी दौरान 23 अक्टूबर की अहले सुबह करीब 2:30 बजे पांच ट्रकों को पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद सभी ट्रकों को जब्त कर लिया गया।
अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने की पहल
यह कार्रवाई खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के संशोधित प्रावधानों के तहत की गई। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। कार्रवाई के जरिए अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने और खनिज संसाधनों के गैरकानूनी परिवहन को रोकने की कोशिश की गई है। मामले में आगे की कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।






















