Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव में प्रेम-प्रसंग का मामला चर्चा में है। यहां प्रेमिका से चोरी-छिपे मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में मामले को लेकर बातचीत हुई। युवक और युवती की सहमति के बाद गांव के काली मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई।
प्रेमिका से मिलने पोखरिया पहुंचा था युवक
जानकारी के अनुसार, दुमका जिले के कुंजबोना निवासी युवक का पोखरिया गांव की युवती के साथ काफी समय से प्रेम संबंध था। बताया गया कि दोनों अक्सर एक-दूसरे से मिलते थे। घटना के दिन युवक अपनी प्रेमिका से मिलने पोखरिया स्कूल के पास पहुंचा था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर दोनों पर पड़ गई। ग्रामीणों ने युवक को रोक लिया और इसकी जानकारी युवती के परिजनों को दी।
दोनों पक्षों के बीच घंटों हुई बातचीत
सूचना मिलने के बाद युवती के परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान युवक और युवती ने एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की सहमति से दोनों की शादी कराने का फैसला लिया गया। गांव स्थित काली मंदिर में दोनों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार कराया गया। शादी के बाद युवक अपनी नवविवाहिता पत्नी को साथ लेकर वहां से चला गया।
फतेहपुर इलाके में पहले भी सामने आए हैं ऐसे मामले
स्थानीय लोगों के मुताबिक, फतेहपुर क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के बाद शादी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले सरसाबाद के युवक और बेलबोरिया की युवती के प्रेम संबंध के मामले में भी दोनों की सहमति से शादी कराई गई थी। इसके अलावा केंदुआटांड़ और चीतालकुड़ी गांव में भी प्रेम विवाह के मामले सामने आ चुके हैं। पोखरिया गांव में हुई इस शादी की चर्चा फिलहाल पूरे इलाके में है।





















