Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : जामताड़ा-मिहिजाम मुख्य मार्ग पर बेवा फाटक के पास गुरुवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 26 वर्षीय युवक उत्पल मंडल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।
यह भी पढ़ें : साहिबगंज के जनजातीय गांव में सड़क नहीं, खाट बनी एंबुलेंस; 5 किमी पैदल ढोकर पहुंचाया मरीज
इलाज के दौरान उत्पल मंडल की मौत
मृतक की पहचान मिहिजाम थाना क्षेत्र के गौराईनाला गांव निवासी उत्पल मंडल के रूप में हुई है। बताया गया कि उत्पल बाइक से जामताड़ा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेवा फाटक के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे में उत्पल के सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। सदर अस्पताल में डॉ. अताउल ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था उत्पल
परिजनों के मुताबिक, उत्पल परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालते थे। वह रात में नाइट गार्ड की नौकरी करते थे और दिन में फेरी लगाकर सामान बेचते थे। परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे में दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार बिंदापाथर थाना क्षेत्र के भुगीकाटा निवासी सुधीर सिंह और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बनकटी निवासी कपिल राय भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों के सिर में गहरी चोटें आई हैं। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति भी दुर्घटना में घायल हुआ है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी। हालांकि, परिजनों की सहमति से फिलहाल उनका इलाज जामताड़ा सदर अस्पताल में ही जारी है।
दोनों बाइक जब्त, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद मिहिजाम थाना के सब इंस्पेक्टर अलीत सागर करकेटा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Reporter | Samachar Post

