Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित बसंत टॉकीज के पास भाजपा कार्यालय के सामने सोमवार देर रात कार सवार पांच युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने राहगीरों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसी दौरान एक युवक चापड़ लहराते हुए लोगों को दौड़ाने लगा। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। करीब 20 से 25 मिनट तक मुख्य सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घेराबंदी कर पांचों युवकों को पकड़ लिया।
चापड़ लहराकर राहगीरों को दौड़ाया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार युवकों ने सड़क पर राहगीरों के साथ दुर्व्यवहार किया और मारपीट की। इसी दौरान एक युवक चापड़ लेकर लोगों को दौड़ाने लगा। अचानक हुई इस घटना से सड़क पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
भागने के दौरान कई वाहनों को मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर युवकों ने कार से भागने की कोशिश की। इस दौरान उनकी कार ने सड़क पर कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटनास्थल से कुछ दूरी पर पीसीआर वैन मौजूद थी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने पर पांचों युवकों को पकड़ लिया गया।
पुलिसकर्मियों से भी उलझने का आरोप
पुलिस की पकड़ में आने के दौरान आरोपित युवकों पर पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने और उलझने की कोशिश करने का आरोप है। इसके बाद पुलिस ने सभी पांचों युवकों को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कार से शराब और बेसबॉल बैट मिलने की बात
पुलिस की ओर से कार की तलाशी के दौरान शराब, बेसबॉल बैट और अन्य संदिग्ध सामान मिलने की बात सामने आई है। घटना में इस्तेमाल की गई कार का रजिस्ट्रेशन नंबर JH-02-AD-8666 बताया गया है।
फिलहाल, पकड़े गए पांचों युवकों की पहचान, प्राथमिकी दर्ज होने और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।





















