Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जिंतुगाड़ा गांव में बुधवार सुबह कथित तौर पर पति ने कुल्हाड़ी से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। मृतका की पहचान सलमी सिंकू के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम मंगिल सिंकू बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विवाद के बाद कुल्हाड़ी से किया हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह किसी बात को लेकर मंगिल सिंकू और उसकी पत्नी सलमी सिंकू के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान मंगिल ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। हमले में सलमी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद जगन्नाथपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।

हत्या की वजह का पता लगा रही पुलिस
पुलिस इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान पति-पत्नी के बीच हुए विवाद की परिस्थितियों समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि जांच और पूछताछ पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।





















