मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

जमशेदपुर राहुल बच्चा हत्याकांड: मुख्य आरोपी साहेब सिंह पुलिस मुठभेड़ में घायल, हत्या को लेकर किए कई दावे

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : मानगो में चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले के मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे समेत कई आरोपियों ने देर रात जमशेदपुर पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। इसके बाद हथियारों की बरामदगी के लिए पुलिस आरोपियों को लेकर रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट क्षेत्र पहुंची, जहां पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ने भागने की कोशिश की और मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।

यह भी पढ़ें : पाकुड़ में सड़क किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, सिर कुचला हुआ मिला; पुलिस जांच में जुटी

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर एक लोडेड पिस्टल और एक खाली पिस्टल बरामद की गई। इसी दौरान मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे ने कथित तौर पर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सब-इंस्पेक्टर संजय की गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सरेंडर के बाद आरोपी ने हत्या को लेकर किया दावा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि राहुल बच्चा लगातार उसकी और उसके भाइयों की रेकी कर रहा था। उसके अनुसार, पहले भी उस पर हमला करने और पीछा करने की घटनाएं हो चुकी थीं। आरोपी ने कहा कि इस बार उसने अपनी जान बचाने के लिए यह कदम उठाया। आरोपी ने यह भी दावा किया कि राहुल बच्चा की हत्या गोली मारकर नहीं, बल्कि ईंट-पत्थर से हमला कर की गई। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

‘हत्या का पछतावा है, लेकिन कोई और रास्ता नहीं था’

पूछताछ के दौरान साहेब सिंह ने कहा कि राहुल बच्चा से उसकी कोई निजी दुश्मनी नहीं थी, लेकिन उसे डर था कि यदि उसने पहले कार्रवाई नहीं की तो राहुल उसके भाइयों को नुकसान पहुंचा सकता था। आरोपी ने कहा कि उसे घटना का पछतावा है, लेकिन उसके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं था। यह आरोपी का दावा है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।

प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश जांच के दायरे में

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग और करीब छह महीने पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, राहुल बच्चा और साहेब सिंह उर्फ शब्बे के बीच एक युवती को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ महीने पहले दोनों के बीच इसी विवाद को लेकर तनाव की घटना हुई थी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment