Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 का आयोजन रविवार, 1 नवंबर को होगा। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए गढ़वा और पाकुड़ जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। दोनों जिलों में कुल 56 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 20 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के दौरान सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
गढ़वा के 26 केंद्रों पर लागू रहेगी निषेधाज्ञा
गढ़वा जिले में जेटेट के लिए 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यहां करीब 10 हजार परीक्षार्थी दो पालियों में परीक्षा देंगे। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। जिले के तीनों अनुमंडल दंडाधिकारियों ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत सभी 26 परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में सामान्य निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है। इसका उद्देश्य परीक्षा की निष्पक्षता, शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
दो पालियों में होगी परीक्षा
गढ़वा में परीक्षा का समय इस प्रकार निर्धारित है:
- पहली पाली: सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक
- दूसरी पाली: दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक
जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से निषेधाज्ञा तथा प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचने और झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने को कहा गया है।
पाकुड़ में 30 केंद्र, डीसी ने लिया तैयारियों का जायजा
पाकुड़ जिले में परीक्षा के लिए 30 केंद्र बनाए गए हैं। तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन और जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जैक की ओर से जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और चेकलिस्ट के अनुसार व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उपायुक्त ने मॉडल कॉलेज, पाकुड़, महिला कॉलेज और पीएम श्री मध्य विद्यालय, धनुषपूजा स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे, डिस्प्ले मॉनिटर, रोशनी, परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था और आवश्यक संकेतकों की उपलब्धता की जांच की गई।
सीसीटीवी निगरानी और बुनियादी सुविधाओं पर जोर
उपायुक्त ने सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी कनेक्टिविटी व कार्यशीलता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कक्ष की गतिविधियां डिस्प्ले मॉनिटर पर स्पष्ट दिखनी चाहिए और निगरानी व्यवस्था में तकनीकी बाधा नहीं आनी चाहिए। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पर्याप्त रोशनी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी कहा गया। अधिकारियों को परीक्षा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का दोबारा सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है।
जांच के बाद ही मिलेगा परीक्षा केंद्र में प्रवेश
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत सघन जांच (फ्रिस्किंग) की जाए। प्रशासन ने जैक की एसओपी और चेकलिस्ट के सभी बिंदुओं का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। रविवार को गढ़वा और पाकुड़ के 56 केंद्रों पर करीब 20 हजार अभ्यर्थी जेटेट-2026 में शामिल होंगे।























