मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

बोकारो में साधु बनकर पहुंचे ठग, चमत्कार का झांसा देकर सोने के गहने ठगे; दो सगे भाई गिरफ्तार

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र में साधु के वेश में घर पहुंचे दो लोगों ने चमत्कार दिखाने और परेशानियां दूर करने का झांसा देकर एक महिला से सोने के आभूषण ठग लिए। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों सगे भाई हैं और बिहार के गया जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने महिला के सोने के मंगलसूत्र और कान के टॉप्स लेकर साड़ी में पीतल के लॉकेट बांध दिए थे। पुलिस ने बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास बने तंबू में छापेमारी कर दोनों को पकड़ा। उनकी निशानदेही पर ठगी के आभूषण समेत कई सामान बरामद किए गए हैं।

भोजन मांगने के बहाने महिला के घर पहुंचे

सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि बीएस सिटी थाना क्षेत्र के कैंप टू निवासी बबीता देवी के घर दो व्यक्ति साधु के वेश में पहुंचे थे। दोनों ने महिला से भोजन मांगा। महिला ने उन्हें खाना खिलाया। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी परेशानियों का जिक्र किया, जिसके बाद आरोपितों ने चमत्कार दिखाने और आशीर्वाद से उसकी समस्याएं दूर करने का दावा किया। आरोपितों ने महिला से घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण लाने को कहा। उनकी बातों में आकर महिला ने अपना सोने का मंगलसूत्र और कान के टॉप्स उन्हें सौंप दिए।

साड़ी में बांधे पीतल के लॉकेट, शाम 5 बजे खोलने को कहा

आरोपितों ने आभूषणों को साड़ी में बांधकर महिला को वापस कर दिया। साथ ही कहा कि उनके जाने के बाद शाम पांच बजे ही साड़ी खोलनी है। उन्होंने महिला को यह कहकर डराया कि इससे पहले साड़ी खोलने पर अनहोनी हो सकती है। शाम पांच बजे जब महिला ने साड़ी खोली, तो उसमें सोने के गहनों की जगह पीतल के 10 लॉकेट मिले। इसके बाद महिला को ठगी का पता चला। महिला के पति सुरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को बीएस सिटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास तंबू से गिरफ्तारी

शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 234/2026 दर्ज किया। इसके बाद सिटी डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास बने तंबू में छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर ठगी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किए गए।

गया जिले के रहने वाले हैं दोनों भाई

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के बेलाडीह गांव निवासी शम्भु लाठौर (करीब 30 वर्ष) और गयालाल लाठौर (करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आपस में सगे भाई हैं। पुलिस ने उनके पास से एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, मां दुर्गा के 20 पीस पीतल के लॉकेट, हनुमान जी के 20 पीस पीतल के लॉकेट, करीब 50 रंग-बिरंगे पत्थर, 10 पीतल के ताबीज और 10 पीतल की अंगूठियां बरामद की हैं।

अनजान लोगों के झांसे में न आने की अपील

सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने लोगों से अपील की है कि साधु के वेश में घर पहुंचने वाले अनजान लोगों के झांसे में न आएं और किसी भी परिस्थिति में अपने सोने-चांदी के आभूषण उन्हें न सौंपें। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से वास्तविक साधु-संतों के सम्मान को भी ठेस पहुंचती है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment