Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : गढ़वा जिले के सदर थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक पर बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। युवक ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। गोलीबारी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। घटना प्रतापपुर गांव की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर के बाद हुई थी।
स्कॉर्पियो की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, राघवेंद्र सिंह उर्फ राजा सिंह मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए। बताया जाता है कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो सवार मौके से फरार हो गया। इसके बाद राजा सिंह अपनी मोटरसाइकिल उठाकर घर पहुंचे। आरोप है कि देर रात वह स्कॉर्पियो सवार की तलाश में अपनी गाड़ी से निकले थे।

नावाडीह के पास बाइक सवार युवकों ने चलाई गोलियां
इसी दौरान नावाडीह गांव के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवक पहुंचे और राजा सिंह पर गोलियां चलाने लगे। अचानक हुई फायरिंग के बीच राजा सिंह किसी तरह वहां से भाग निकले और अपनी जान बचाई। बताया जाता है कि गोलीबारी के बाद दोनों आरोपी दोबारा उसी स्थान पर पहुंचे, अपनी गिरी हुई मोटरसाइकिल उठाई और फरार हो गए।
दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी
घटना के बाद पीड़ित पक्ष गढ़वा सदर थाना पहुंचा और दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। एसडीपीओ ने बताया कि प्रतापपुर में गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।



















