छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में हजारीबाग में आज मौन जुलूस, रिफॉर्म मंच ने की अपील

Meenu | August 22, 2026 | 11:54 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में हजारीबाग में शनिवार, 22 अगस्त को मौन जुलूस निकाला जाएगा। रिफॉर्म मंच ने छात्रों, युवाओं और आम लोगों से इस जुलूस में शामिल होने की अपील की है। मंच का आरोप है कि 21 अगस्त को शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान रांची और हजारीबाग में पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया, जबकि गिरिडीह में झामुमो कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ मारपीट की। इन्हीं घटनाओं के विरोध में मौन जुलूस निकालने का फैसला लिया गया है।

यह भी पढ़ें : 3-4 माह से मजदूरी बकाया, 1 सितंबर से झारखंड के खाद्यान्न गोदामों में काम बंद करने की चेतावनी

नियुक्तियों के विवाद के बाद फिर तेज हुआ छात्र आंदोलन

छात्रों के आंदोलन के बीच सरकार ने कुछ नियुक्तियों को रद्द करने का फैसला लिया था। हालांकि, हाईकोर्ट की ओर से सरकार के आदेश पर रोक लगाए जाने के बाद हटाए गए कर्मचारियों ने दोबारा योगदान दिया। इसके बाद छात्रों ने सरकार पर अपने साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन फिर से शुरू करने की बात कही थी।

21 अगस्त को कई जिलों में हुआ प्रदर्शन

आंदोलन के पहले दिन 21 अगस्त को छात्रों ने राज्य के विभिन्न जिलों में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान रांची और हजारीबाग में पुलिस लाठीचार्ज की बात सामने आई। वहीं, गिरिडीह में प्रदर्शन के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं पर छात्रों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया। इन घटनाओं के बाद छात्र संगठनों में नाराजगी और बढ़ गई है। हालांकि, लाठीचार्ज और मारपीट से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि इस रिपोर्ट में नहीं हुई है।

रिफॉर्म मंच ने छात्रों से शामिल होने की अपील की

रिफॉर्म मंच ने मौन जुलूस में छात्रों और युवाओं के साथ आम लोगों से भी शामिल होने की अपील की है। मंच का कहना है कि जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों और छात्रों के आंदोलन के दौरान हुई कार्रवाई के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाई जाएगी। मौन जुलूस के जरिए प्रदर्शनकारी अपनी मांगों और नाराजगी को सामने रखने की तैयारी में हैं।

Share this news

संबंधित खबरें