Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : दुर्गापूजा के मद्देनजर हजारीबाग पुलिस ने जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। इसके लिए 28 टीमों का गठन किया गया, जिनमें 198 पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल थे। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 68 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 375 लीटर देसी शराब बरामद की गई, जबकि शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले 303.2 क्विंटल जावा महुआ को नष्ट किया गया।
28 टीमों ने 68 ठिकानों पर की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, त्योहार के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। पुलिस उपाधीक्षकों, पुलिस निरीक्षकों और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में गठित टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध देसी शराब की बरामदगी के साथ शराब बनाने के लिए रखे गए जावा महुआ को भी नष्ट किया गया। पुलिस का कहना है कि दुर्गापूजा के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और खरीद-बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।
अवैध शराब की सूचना पुलिस को देने की अपील
हजारीबाग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि उनके आसपास कहीं अवैध शराब का निर्माण या खरीद-बिक्री होने की जानकारी मिले, तो तत्काल नजदीकी थाने को सूचित करें। पुलिस के मुताबिक, सूचना का सत्यापन करने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह अभियान दुर्गापूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के प्रयास का हिस्सा है।






















