Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को हजारीबाग में आयोजित जनजातीय गौरव उत्सव के दौरान खोरठा साहित्यकार, कवि, फिल्म लेखक-निर्देशक और गीतकार विनय तिवारी को सम्मानित किया। खोरठा गीत-संगीत, साहित्य और सिनेमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें अंगवस्त्र, मोमेंटो और सम्मान पत्र प्रदान किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय, बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान दिल्ली और महादेव स्मारक खादी ग्राम उद्योग मंडल रांची के सहयोग से आयोजित किया गया था।
स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने पर जोर
सम्मान समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि झारखंड में गीत, संगीत और सिनेमा के विकास के लिए स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को पर्याप्त अवसर देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषा, कला और कलाकारों को प्राथमिकता देकर झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के मंच तक पहुंचाया जा सकता है।

तीन दशकों से खोरठा भाषा-संस्कृति के लिए काम
विनय तिवारी पिछले करीब तीन दशकों से खोरठा गीत, संगीत, साहित्य और सिनेमा के संरक्षण, संवर्द्धन और प्रचार-प्रसार के लिए काम कर रहे हैं। उनकी कई रचनाओं को विभिन्न स्तरों के खोरठा पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। उनके गीतों और कविताओं पर शोध भी हुआ है और कई स्तरों पर शोध कार्य जारी है। उनकी वार्ता और गीत आकाशवाणी और दूरदर्शन पर भी प्रसारित होते रहे हैं। इसके अलावा तिवारी विलुप्तप्राय बिरहोर भाषा और खोरठा के संरक्षण-संवर्द्धन के लिए भित्तिचित्रों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का काम भी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : ग्रैंड चेस टूर फाइनल में प्रज्ञाननंदा, अब डिफेंडिंग चैंपियन कारुआना से मुकाबला
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
जनजातीय गौरव उत्सव में पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम, अभिनेता रमन गुप्ता, बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, प्रदेश अध्यक्ष किशोर सावन, राजमनी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। विनय तिवारी के सम्मान को खोरठा भाषा, साहित्य और झारखंड की स्थानीय सांस्कृतिक परंपराओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

