Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी-बरहमसिया मार्ग पर सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका फूफा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आए फूफा-भतीजा
जानकारी के अनुसार, बिहार के बिसौली निवासी लाटो तुरी अपने ससुराल चंदौरी (तिसरी) आए हुए थे। सोमवार सुबह वह अपने भतीजे करण तुरी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान बरहमसिया के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि करण तुरी सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
इलाज के दौरान युवक की मौत
परिजन दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिसरी ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया। हालांकि, गिरिडीह ले जाने की तैयारी के दौरान ही करण तुरी की मौत हो गई। वहीं लाटो तुरी का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान और उसकी तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।






















