- पश्चिम बंगाल के हाई-प्रोफाइल लूटकांड में मुख्य साजिशकर्ता दबोचा गया, अंतरराज्यीय गिरोह के नेटवर्क की जांच तेज
Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर-रुपनारायणपुर क्षेत्र में हुए 1.01 करोड़ रुपये के चर्चित लूटकांड में पुलिस और CID की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य साजिशकर्ता अमित सिंह उर्फ रितेश सिंह को झारखंड के बोकारो जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के करीब 23 महीने बाद हुई इस गिरफ्तारी को जांच एजेंसियों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
बोकारो के फ्लैट में छापेमारी कर दबोचा गया आरोपी
जांच में जुटी CID की विशेष टीम को आरोपी के ठिकाने की सटीक सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और CID की संयुक्त टीम ने बोकारो स्थित मालती लग्जरियस सिटी के फ्लैट नंबर BL/805 में देर रात छापेमारी की। यहां अमित सिंह किराये के फ्लैट में छिपकर रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दुर्गापुर कोर्ट भेज दिया गया। अदालत ने आरोपी को पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।
नकली CID अधिकारी बनकर की थी करोड़ों की लूट
यह मामला 5 सितंबर 2024 को दुर्गापुर थाना में दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। जांच के अनुसार, आरोपी और उसके गिरोह ने व्यापारी मुकेश चौधरी को निशाना बनाने के लिए सुनियोजित साजिश रची थी। गिरोह के सदस्यों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर व्यापारी की गाड़ी को रोककर खुद को CID अधिकारी बताया और जांच के नाम पर वाहन की तलाशी ली। इसी दौरान वाहन में रखे लकड़ी के बॉक्स से 1 करोड़ 1 लाख रुपये नकद निकालकर फरार हो गए।

‘ब्लैक टू व्हाइट’ के नाम पर चलाता था रैकेट
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह लंबे समय से लोगों को काले धन को सफेद करने और कम समय में रकम बढ़ाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। आरोप है कि गिरोह 65 लाख रुपये नकद के बदले 50 लाख रुपये वैध धन उपलब्ध कराने का दावा करता था। इसी बहाने व्यापारी को दुर्गापुर बुलाया गया और उसके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया।
यह भी पढ़ें : 14वीं JPSC की जगह 14वीं JSSC का बैनर पहन विधानसभा पहुंचीं BJP विधायक नीरा यादव, चर्चा में रहा मामला
12 से अधिक आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
पुलिस इस मामले में पहले ही दुर्गापुर, रुपनारायणपुर और अन्य स्थानों से 12 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालांकि, मुख्य आरोपी अमित सिंह लगातार फरार था और पुलिस को चकमा दे रहा था। अब पुलिस रिमांड पर उससे पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान लूटी गई रकम, गिरोह के नेटवर्क और अन्य फरार सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

